- बीकेटी के दो युवक सीतापुर से लखनऊ की ओर आ रहे थे
- टाइटन धर्मकांटा के पास बेकाबू ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर
- हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार, पुलिस तलाश में जुटी
लखनऊ। सीतापुर रोड पर मंगलवार सुबह करीब 9 बजे बड़ा सड़क हादसा हो गया। टाइटन धर्मकांटा के पास पीछे से आ रहा एक ट्रक बेकाबू होकर बाइक सवार दो युवकों पर चढ़ गया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
दोनों युवक सीतापुर की तरफ से लखनऊ की ओर आ रहे थे। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और ट्रक चालक को पकड़ने के लिए ग्रामीणों ने पीछा किया।
एक युवक की मौके पर मौत
हादसे में माल थाना क्षेत्र के बसहरी अटरिया निवासी छोटे लाल के बेटे जवाहिर की मौके पर ही मौत हो गई। जवाहिर की उम्र करीब 20 साल थी। उसके साथ बाइक पर सवार मुकेश पुत्र जगदीश भी करीब 20 साल का है और हादसे में गंभीर रूप से घायल हुआ है।
बताया गया कि दोनों युवक मड़ियांव स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज में खाना बनाने का काम करते थे।
ट्रक छोड़कर भागा चालक
टक्कर के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से भागने की कोशिश करने लगा। ग्रामीणों ने उसका पीछा किया तो वह कुछ दूरी पर ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। लोगों ने ट्रक को पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर घायल मुकेश को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया है। वहीं फरार चालक की तलाश की जा रही है।
हादसे के बाद सीतापुर रोड पर लगा जाम
सड़क हादसे के बाद सीतापुर रोड पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर घटना की जांच शुरू कर दी है। हादसा किस वजह से हुआ और ट्रक बेकाबू कैसे हुआ, इसकी भी जांच की जा रही है।









