आगरा में 4 लाख लोगों पर पानी का संकट

यमुनापार में दूसरे दिन भी सप्लाई ठप- मेट्रो निर्माण के दौरान 750 MM पाइपलाइन टूटी

आगरा। आगरा के यमुनापार क्षेत्र में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन भी पानी की सप्लाई नहीं हो सकी। मेट्रो निर्माण के दौरान मुख्य पाइपलाइन टूटने से करीब 4 लाख की आबादी पानी के संकट से जूझ रही है। जल निगम और जलकल विभाग की टीम पाइपलाइन की मरम्मत में जुटी है। अधिकारियों के मुताबिक, बुधवार से जलापूर्ति सुचारु होने की उम्मीद है।

मेट्रो निर्माण के दौरान टूटी मुख्य पाइपलाइन

आगरा में मेट्रो के दूसरे कॉरिडोर का निर्माण कार्य चल रहा है। रामबाग के पास रविवार को निर्माण कार्य के दौरान जलकल विभाग की 750 एमएम की मुख्य पाइपलाइन टूट गई। इसी पाइपलाइन के जरिए जीवनी मंडी वाटर वर्क्स से यमुनापार के बड़े हिस्से में पानी की सप्लाई होती है।

पाइपलाइन टूटते ही आसपास के इलाकों में पानी भर गया। इसके बाद यमुनापार क्षेत्र की जलापूर्ति प्रभावित हो गई।

दर्जनों कॉलोनियों में नहीं आया पानी

मंगलवार सुबह भी शाहदरा, नुनिहाई, ट्रांसयमुना फेस-2, नरायच, नगला रामबल, सती नगर, श्याम नगर, कैला देवी मंदिर, कृष्णा कॉलोनी और श्याम विहारी कॉलोनी समेत कई इलाकों में पानी की सप्लाई नहीं हुई।

इसके अलावा सौदान सिंह डिग्री कॉलेज, बसेरा कॉलोनी, महावीर नगर, बालाजी नगर, कालिंदी विहार, एडीए कॉलोनी, कांशीराम आवास, नगला विहारी और बघेल बस्ती समेत अन्य क्षेत्रों के लोग भी पानी की समस्या से जूझ रहे हैं।

टैंकर से पानी मंगाने की व्यवस्था

जलकल विभाग ने प्रभावित इलाकों में टैंकरों के जरिए पानी पहुंचाने की व्यवस्था की है। जिन लोगों को पानी के टैंकर की जरूरत है, वे इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं:

  • टोल फ्री: 1800-2702722
  • कंट्रोल रूम: 8192095401
  • अवर अभियंता: 8192095734

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button