लखनऊ में हिस्ट्रीशीटर सचिन कालिया हत्याकांड का खुलासा, उधारी विवाद में दोस्तों ने मारी गोली

लखनऊ में हिस्ट्रीशीटर सचिन कालिया हत्याकांड का खुलासा

लखनऊ: लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में हुए हिस्ट्रीशीटर सचिन उर्फ कालिया हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि उसकी हत्या उसी के तमंचे से की गई थी। मामले में गिरफ्तार दो आरोपियों ने पूछताछ में पूरा घटनाक्रम कबूल कर लिया है।

5 मई को अवध विहार योजना सेक्टर-8 स्थित एक स्कूल के पीछे सचिन का खून से लथपथ शव मिला था। उसके सिर में गोली मारी गई थी। मृतक की पहचान पीजीआई क्षेत्र के रेवतापुर निवासी सचिन उर्फ कालिया के रूप में हुई थी।

उधारी और धमकी से थे परेशान

पुलिस के मुताबिक आरोपी संतोष यादव की गुटखा और सिगरेट की गुमटी थी, जहां सचिन अक्सर उधार सामान लेता था। पैसे मांगने पर वह धमकी देता और ग्राहकों को भी दुकान पर आने से रोकता था। इसी बात से नाराज होकर संतोष ने अपने रिश्तेदार कमल यादव के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।

आरोपियों ने सचिन को शराब और मुर्गे की पार्टी के बहाने बुलाया। उसे ज्यादा शराब पिलाने के बाद सुनसान जगह ले जाया गया। वहां कमल यादव ने सचिन के ही तमंचे से उसकी कनपटी पर गोली मार दी।

हत्या के बाद आरोपी उसके दो मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। पुलिस ने दोनों मोबाइल, तमंचा और कारतूस बरामद कर लिए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संतोष कुमार यादव और कमल सिंह यादव उर्फ टिंकू के रूप में हुई है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button