अंबेडकरनगर। उत्तर प्रदेश कांग्रेस चिकित्सा प्रकोष्ठ के पूर्व अध्यक्ष और जलालपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी डॉ. जियाराम वर्मा के ज्येष्ठ पुत्र मनीष वर्मा का सोमवार देर रात आकस्मिक निधन हो गया। वह 44 वर्ष के थे। परिजनों के अनुसार, मध्यरात्रि में सीने में जलन की शिकायत के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा था। इसी दौरान उनकी मौत हो गई। निधन की खबर मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं और परिचितों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया।
मनीष वर्मा के निधन की सूचना पर कांग्रेस नेताओं ने शोक व्यक्त किया। कांग्रेस एससी-एसटी विभाग के चेयरमैन एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, सहप्रभारी अभिषेक दत्त, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. निर्मल खत्री ने फोन पर डॉ. जियाराम वर्मा से बात कर संवेदना जताई।
जनपद दौरे पर आए एआईसीसी पर्यवेक्षक गुंजन पटेल सहित पूर्व प्रदेश महासचिव शिव शंकर पांडेय, एआईसीसी सदस्य सै. मेराजुद्दीन किछौछवी, पूर्व जिलाध्यक्ष अजय सिंह कप्तान, जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव, पीसीसी सदस्य डॉ. नंदलाल चौधरी, अमित जायसवाल, संजय तिवारी, गुलाम रसूल छोटू समेत कई कांग्रेस नेताओं ने मनीष वर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।









