अंबेडकरनगर। अकबरपुर शहर की सफाई व्यवस्था से लेकर मार्ग प्रकाश तक में बदलाव की तैयारी है। नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक में 15वें वित्त आयोग की बची धनराशि से सफाई और नगर की अन्य व्यवस्थाओं के लिए उपकरण खरीदने के प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इसके साथ ही 2,000 एलईडी लाइटें खरीदने का निर्णय हुआ। पुराने नालों और नालियों के स्थान पर नए नाले बनाने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।
शनिवार को पालिका सभागार में अध्यक्ष चंद्रप्रकाश वर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में त्योहारों की तैयारियों के साथ नगर की सफाई, जल निकासी, जलापूर्ति, सौंदर्यीकरण और मार्ग प्रकाश व्यवस्था पर चर्चा हुई।
कचरा उठाने के लिए 25 बैटरी ई-रिक्शा
बोर्ड ने दो टैंकर, पांच पानी ट्रैक्टर और दो फॉगिंग मशीन खरीदने को मंजूरी दी। सफाई व्यवस्था के लिए 25 बैटरी ई-रिक्शा खरीदे जाएंगे। इसके अलावा दो मोबाइल टॉयलेट, 50 डस्टबिन कंटेनर और हरे-नीले रंग के 100 डस्टबिन सेट खरीदे जाएंगे। दो स्काई लिफ्ट वाहन खरीदने का प्रस्ताव भी पारित हुआ।
2,000 एलईडी से जगमगाएंगी सड़कें
मार्ग प्रकाश व्यवस्था के लिए 120, 90 और 60 वाट की कुल 2,000 एलईडी लाइटें खरीदी जाएंगी। इन्हें प्रमुख सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर लगाने की योजना है। वहीं नगर के डिवाइडरों पर लगे विद्युत पोलों पर एलईडी तिरंगा लाइट लगाने का प्रस्ताव भी मंजूर हुआ।
पुराने नालों की जगह बनेंगे नए नाले
सीवरेज और जल निकासी मद के तहत पुराने नालों और नालियों के स्थान पर नए नाले बनाए जाने का निर्णय लिया गया। बैठक में जलापूर्ति और सफाई व्यवस्था को बेहतर करने पर भी चर्चा हुई।
बैठक में अधिशासी अधिकारी राजमणि वर्मा, कर अधीक्षक ओंकार तिवारी, अवर अभियंता जलकल शैलेंद्र सिंह, सिविल अभियंता मालविका सिंह, लिपिक अनूप सहित सभासद मौजूद रहे।









