बेंगलुरु की सेंट्रल जेल में बंद पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना के पास से मिले मोबाइल फोन में करीब 90 पोर्न वीडियो पाए जाने की बात सामने आई है। जब्त मोबाइल की फोरेंसिक जांच जारी है। जांचकर्ता फोन में मौजूद वीडियो, तस्वीरों और अन्य डिजिटल डेटा की पड़ताल कर रहे हैं।
डिजिटल सामग्री का सोर्स खंगाला जा रहा
जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि मोबाइल में मौजूद सामग्री कहां से आई और क्या इसका किसी आपराधिक मामले से संबंध है। सेंट्रल क्राइम ब्रांच (CCB) ने मंगलवार को जेल में छापेमारी की थी। रेवन्ना के पास मोबाइल मिलने के बाद इस मामले में नई FIR दर्ज की गई है।
जेल के एक कैदी को भी आरोपी बनाया
इस मामले में जेल में बंद अंडरट्रायल कैदी प्रताप राय को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस मोबाइल फोन और उसमें मौजूद डिजिटल सामग्री की जांच के आधार पर मामले की आगे की कार्रवाई कर रही है।
रेप केस में उम्रकैद की सजा काट रहा रेवन्ना
प्रज्वल रेवन्ना जनता दल (सेक्युलर) के विधायक एचडी रेवन्ना के बेटे और पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा के पोते हैं। वह महिलाओं से रेप के मामले में अगस्त 2025 से उम्रकैद की सजा काट रहा है।
मेड ने लगाए थे कई बार रेप के आरोप
प्रज्वल के परिवार के फार्महाउस में काम करने वाली 47 वर्षीय महिला ने अप्रैल 2024 में उनके खिलाफ FIR दर्ज कराई थी। महिला ने आरोप लगाया था कि 2021 से उसके साथ कई बार रेप किया गया और घटना के बारे में किसी को बताने पर वीडियो लीक करने की धमकी दी गई।
कोर्ट ने कई धाराओं में दोषी ठहराया
कोर्ट ने 18 जुलाई 2025 को मामले की सुनवाई पूरी की थी। प्रज्वल के खिलाफ रेप, ताक-झांक, आपराधिक धमकी और अश्लील तस्वीरें लीक करने समेत कई धाराओं में आरोप तय किए गए थे।
उम्रकैद के साथ 11.50 लाख का जुर्माना
पीपुल्स रिप्रेजेंटेटिव्स की स्पेशल कोर्ट ने 1 अगस्त 2025 को प्रज्वल रेवन्ना को दोषी ठहराया था। अगले दिन 2 अगस्त को उन्हें उम्रकैद की सजा सुनाई गई और 11.50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसमें से 11.25 लाख रुपये पीड़ित को देने का निर्देश दिया गया था।









