नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है और लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। महाराष्ट्र के मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ जिलों में भारी बारिश को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, राजस्थान और दिल्ली में भी देरी से मानसून की एंट्री के बाद कई इलाकों में तेज बारिश दर्ज की गई है।
मुंबई में पिछले 24 घंटे के दौरान 172 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। भारी बारिश के बीच बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने गुरुवार दोपहर समुद्र में करीब 15 फीट ऊंची लहरें उठने की चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने लोगों से समुद्र तट और तटीय क्षेत्रों से दूर रहने तथा अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की अपील की है।
उधर, मानसून ने निर्धारित समय से सात दिन की देरी से राजस्थान में प्रवेश किया, जबकि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी पांच दिन की देरी से मानसून पहुंचा। दिल्ली में सुबह से लगातार बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने राजस्थान के जयपुर, दौसा सहित 25 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।









