छठ पर लौकी के दाम में उछाल

कुशीनगर में 200 रुपये किलो पहुंचा भाव; मुंबई में 60 रुपये

  • नहाय-खाय से पहले लौकी की मांग बढ़ने से कई शहरों में कीमतों में तेजी
  • कप्तानगंज मंडी में थोक भाव 120 से 160 रुपये किलो
  • वाराणसी में एक दिन में 40 से बढ़कर 100 रुपये किलो हुआ दाम

कुशीनगर। छठ महापर्व की शुरुआत नहाय-खाय के साथ हो रही है। इस दिन व्रती लौकी की सब्जी, चने की दाल और चावल ग्रहण करते हैं। पर्व के चलते लौकी की मांग अचानक बढ़ गई है। इसका असर बाजार में कीमतों पर भी दिखाई देने लगा है। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले की कप्तानगंज सब्जी मंडी में लौकी का फुटकर भाव 200 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। वहीं, मुंबई में यही लौकी 50 से 60 रुपये किलो बिक रही है।

लौकी के दाम में अलग-अलग शहरों में बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले तक दिल्ली की आजादपुर मंडी में लौकी 20 से 30 रुपये किलो बिक रही थी। इसी के आसपास कुशीनगर, गोरखपुर और देवरिया में भी भाव था। अब छठ के नहाय-खाय से पहले मांग बढ़ने के कारण कई बाजारों में कीमतें तेजी से बढ़ गई हैं।

कप्तानगंज में थोक भाव भी 160 रुपये तक

कुशीनगर के कप्तानगंज सब्जी मंडी में लौकी का थोक भाव 120 से 160 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। फुटकर बाजार में इसकी कीमत 200 रुपये किलो तक बताई जा रही है। इसके उलट मुंबई में लौकी काफी सस्ती मिल रही है। वहां गोल लौकी का थोक भाव करीब 38 रुपये और लंबी लौकी का 28 रुपये प्रति किलो है।

मुंबई में सब्जी की दुकान लगाने वाले कुशीनगर निवासी दीनानाथ रस्तोगी ने बताया कि वहां फुटकर बाजार में लौकी 50 से 60 रुपये किलो बिक रही है। यानी कप्तानगंज के मुकाबले मुंबई में लौकी काफी कम कीमत पर उपलब्ध है।

वाराणसी में एक दिन में 60 रुपये बढ़े दाम

वाराणसी में भी लौकी की कीमतों में तेजी आई है। यहां एक दिन पहले तक लौकी करीब 40 रुपये किलो बिक रही थी, जबकि अब इसका भाव 100 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। बिहार के मधेपुरा में लौकी 60 रुपये किलो बिक रही है।

पटना में कीमतें इलाके के हिसाब से अलग-अलग हैं। बोरिंग रोड क्षेत्र में लौकी 100 से 120 रुपये प्रति पीस मिल रही है, जबकि शहर के आसपास के इलाकों में इसका भाव 80 से 90 रुपये प्रति पीस है। वहीं, राजा बाजार क्षेत्र में एक लौकी की कीमत 150 रुपये तक पहुंच गई है।

रांची में गोल और लंबी लौकी के अलग-अलग भाव

झारखंड की राजधानी रांची में गोल लौकी करीब 70 रुपये प्रति पीस बिक रही है। वहीं, लंबी लौकी का भाव 60 रुपये प्रति किलो बताया जा रहा है। छठ पर्व के लिए लौकी की बढ़ती मांग के बीच अलग-अलग शहरों में कीमतों का यह अंतर लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button