अंबेडकरनगर। बसखारी विकास खंड की ग्राम पंचायत तिलकारपुर में कूड़ा प्रबंधन के लिए स्वीकृत आरआरसी सेंटर का निर्माण पूरा न होने के बावजूद पूरी धनराशि के भुगतान का आरोप सामने आया है। शिकायतकर्ता ने मामले में सरकारी धन के दुरुपयोग और गबन का आरोप लगाते हुए जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता ने सहायक विकास अधिकारी पंचायत की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं।
दो साल बाद भी अधूरा पड़ा है सेंटर
शिकायत के मुताबिक, वित्तीय वर्ष 2023-24 में एसएलडब्ल्यूएम योजना के तहत तिलकारपुर में कूड़ा प्रबंधन के लिए आरआरसी सेंटर का निर्माण स्वीकृत हुआ था। आरोप है कि ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सचिव ने निर्माण पूरा कराए बिना ही कार्य के लिए स्वीकृत पूरी धनराशि निकाल ली।
शिकायतकर्ता का दावा है कि भुगतान की स्थिति काफी पहले पूर्ण हो गई, जबकि मौके पर सेंटर आज भी अधूरा है। ऐसे में निर्माण की गुणवत्ता और भुगतान प्रक्रिया को लेकर सवाल खड़े किए गए हैं।
कूड़ा वाहन खरीदा, सेंटर में कूड़ा पहुंचा ही नहीं
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरआरसी सेंटर के अधूरे और उपयोग में न आने की स्थिति के बावजूद कूड़ा प्रबंधन के लिए वाहन भी खरीदा गया। शिकायतकर्ता का कहना है कि वाहन का निजी उपयोग किया जा रहा है। साथ ही सेंटर में अब तक कूड़ा नहीं डाले जाने का भी आरोप लगाया गया है।









