भाजपा की समरसता संकल्प अभियान कार्यशाला आयोजित

गुरु रविदास के विचार जन-जन तक पहुंचाने पर जोर

  • अटल भवन में हुई जिला स्तरीय कार्यशाला
  • बूथ स्तर तक अभियान पहुंचाने का आह्वान
  • 29 जुलाई से शुरू होंगे विभिन्न कार्यक्रम

अंबेडकरनगर। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय अटल भवन में सोमवार को संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में समरसता संकल्प अभियान की जिला कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप पटेल देव ने की, जबकि संचालन जिला संयोजक सुरेश कन्नौजिया ने किया। इस दौरान अभियान की रूपरेखा, उद्देश्य और आगामी कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई।

समरसता और सामाजिक सद्भाव के संदेश पर दिया जोर
कार्यशाला को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप पटेल देव ने कहा कि संत गुरु रविदास महाराज ने अपने जीवन और विचारों से समाज को समरसता, समानता और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि उनके आदर्श आज भी समाज को एकजुट करने की प्रेरणा देते हैं। अभियान के माध्यम से संत गुरु रविदास महाराज के विचारों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाया जाएगा।
बूथ स्तर तक अभियान पहुंचाने का आह्वान
जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से संचालित करने और समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
29 जुलाई से शुरू होंगे विभिन्न अभियान
जिला मीडिया प्रभारी बाल्मीकि उपाध्याय ने अभियान के तहत प्रस्तावित कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 29 जुलाई को समरसता दीप अभियान आयोजित होगा। इसके बाद 29 जुलाई से 10 सितंबर तक कलश वंदन अभियान, 29 जुलाई से 31 अगस्त तक संत संपर्क अभियान, 5 अक्टूबर से 5 नवंबर तक समरसता यात्रा अभियान तथा 26 नवंबर से 15 जनवरी 2027 तक युवा छात्रावास संपर्क अभियान संचालित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button