- स्केटिंग करते बच्चों ने की अगुवाई, अधिकारियों
- जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने लिया हिस्सा; 1000 मीटर लंबे तिरंगे ने बढ़ाया आकर्षण
अंबेडकरनगर। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में गुरुवार को अंबेडकरनगर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश लेकर निकली यात्रा में बड़ी संख्या में नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, युवाओं और आम लोगों ने हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा लेकर लोग देशभक्ति के नारों के साथ यात्रा में आगे बढ़े।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष और अन्य जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुआ। जिलाधिकारी ईशा प्रिया, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ज्योत्स्ना बंधु, अपर जिलाधिकारी न्यायिक रंजीत सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं उपजिलाधिकारी अकबरपुर प्रतीक्षा सिंह, प्रशिक्षु आईएएस थनिगईयरसन टी,जिला विकास अधिकारी सविता सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। यात्रा की अगुवाई स्केटिंग कर रहे बच्चों ने की।
कलेक्ट्रेट से शुरू होकर शिव बाबा धाम पहुंची यात्रा
तिरंगा यात्रा कलेक्ट्रेट परिसर से शुरू होकर शिव बाबा धाम पहुंची। रास्ते में तिरंगा हाथों में लेकर शामिल लोगों ने देशभक्ति के नारे लगाए। यात्रा के दौरान राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देश के प्रति नागरिकों की जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।
यात्रा में अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ युवाओं तथा आम नागरिकों की भी भागीदारी रही। तिरंगे के साथ आगे बढ़ते प्रतिभागियों से पूरा मार्ग देशभक्ति के नारों से गूंजता रहा।
शिव बाबा धाम में वंदे मातरम् से हुआ समापन
शिव बाबा धाम पहुंचने के बाद तिरंगा यात्रा का समापन तिरंगा कंसर्ट के साथ हुआ। यहां मौजूद लोगों ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया। इसके बाद 1000 मीटर लंबे तिरंगे के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
सामूहिक गायन के दौरान बड़ी संख्या में लोग एक साथ मौजूद रहे। तिरंगे के साथ आयोजित कार्यक्रम ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय एकता और देशप्रेम का संदेश दिया।









