मुंबई।
महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने अभिनेता शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। FDA का आरोप है कि ‘विमल इलायची’ के विज्ञापन के जरिए महाराष्ट्र में प्रतिबंधित ‘विमल पान मसाला’ का अप्रत्यक्ष प्रचार किया जा रहा है।
PTI के मुताबिक, FDA ने 11 अगस्त को तीनों को नोटिस भेजकर विज्ञापन में उनकी भूमिका को लेकर 15 दिन के भीतर जवाब और स्पष्टीकरण मांगा है।
घर और कंपनी के पते पर भेजे नोटिस
शाहरुख खान को नोटिस बांद्रा स्थित उनके घर ‘मन्नत’, अजय देवगन को जुहू स्थित आवास और टाइगर श्रॉफ को उनकी प्रोडक्शन कंपनी ‘टाइगर श्रॉफ प्रोडक्शंस एलएलपी’ के पते पर भेजा गया है।
FDA ने विज्ञापन में इस्तेमाल किए गए ब्रांड नाम, प्रोडक्ट और संवाद को लेकर आपत्ति जताई है।
FDA ने विज्ञापन पर क्यों जताई आपत्ति?
FDA का कहना है कि विज्ञापन में ‘विमल’ नाम और ब्रांड की प्रस्तुति इस तरह की गई है कि इससे ‘विमल’ ब्रांड का प्रचार होता दिखाई देता है।
चूंकि इसी ब्रांड का संबंध पान मसाला उत्पादों से भी है, इसलिए विभाग को आशंका है कि इलायची के विज्ञापन की आड़ में प्रतिबंधित पान मसाले का अप्रत्यक्ष प्रचार किया जा रहा है।









