रहीमाबाद में बस को पिकअप ने मारी टक्कर, कई घायल

झपकी आने से हादसे की आशंका, बस में सवार थे करीब 25 यात्री

लखनऊ। लखनऊ से हरदोई जा रही एक निजी बस रविवार सुबह रहीमाबाद क्षेत्र के भतोइया गांव के पास हादसे का शिकार हो गई। करीब 10 बजे पीछे से तेज रफ्तार में आ रही महिंद्रा पिकअप ने बस में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस दूसरी लेन में चली गई। हादसे में बस चालक, कंडक्टर समेत कई यात्री घायल हो गए।

झपकी आने से हादसे की आशंका

शुरुआती जानकारी के मुताबिक पिकअप हरदोई निवासी विपिन चला रहा था। बताया जा रहा है कि वाहन चलाते समय उसे झपकी आ गई, जिसके चलते पिकअप अनियंत्रित होकर बस से जा भिड़ी।

हादसे में बस चालक एराज, कंडक्टर सुदामा, पिकअप चालक विपिन, उसके बेटे अजय और रामसहाय समेत अन्य लोग घायल हुए हैं।

चार घायलों को अस्पताल भेजा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। बस कंडक्टर सुदामा, पिकअप चालक विपिन और उसके दोनों बेटों को एंबुलेंस की मदद से मलिहाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

बस में सवार अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आईं। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

बस में सवार थे करीब 25 लोग

बालामऊ निवासी यात्री मुन्ना गुप्ता ने बताया कि बस में करीब 25 यात्री सवार थे और सभी बालामऊ जा रहे थे। हादसे के दौरान अचानक जोरदार टक्कर हुई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

मिसरिख निवासी रामपति अपने दो पोतों अंकित और आशु के साथ यात्रा कर रही थीं। उन्हें भी हादसे में हल्की चोटें आईं। उन्होंने घटना को बेहद डरावना बताया।

बाल-बाल बचे यात्री

एक अन्य यात्री राजपाल ने बताया कि उन्हें हादसे का पता ही नहीं चला कि टक्कर कब हो गई। अचानक हुई दुर्घटना में वह बाल-बाल बच गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button