लखनऊ। यूपी पुलिस 2025 आरक्षी भर्ती में शामिल करीब 300 पूर्व सैनिकों ने सोमवार को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड का घेराव किया। बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों के अचानक पहुंचने से भर्ती बोर्ड परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि लिखित परीक्षा और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन पूरा होने के बाद उन्हें फिजिकल टेस्ट में शामिल होने से पहले ही भर्ती प्रक्रिया से बाहर किया जा रहा है।
एडमिट कार्ड डाउनलोड नहीं होने का आरोप
पूर्व सैनिकों का कहना है कि फिजिकल टेस्ट के लिए उनका एडमिट कार्ड डाउनलोड नहीं हो रहा है। अभ्यर्थियों के मुताबिक, उन्होंने भर्ती के लिए आवेदन किया था, लिखित परीक्षा दी और इसके बाद डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन भी कराया। अब फिजिकल टेस्ट का समय नजदीक आने पर एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में समस्या आ रही है।
ऑपरेशन सिंदूर में शामिल होने का दावा
पूर्व सैनिक गौरव सिंह ने कहा कि वह ऑपरेशन सिंदूर का हिस्सा रहे हैं और उन्हें इसके लिए प्रशस्ति पत्र भी मिला है। उनका आरोप है कि इसके बावजूद उन्हें यूपी पुलिस की सिपाही भर्ती में शामिल होने का मौका नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भर्ती बोर्ड के अधिकारी परिसर में मौजूद हैं, लेकिन अभ्यर्थियों से बातचीत नहीं कर रहे हैं।
यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/68500-shikshak-bharti-lucknow-protest/
वाराणसी से लखनऊ पहुंचे गौरव सिंह
गौरव सिंह ने बताया कि वह अपनी मांग को लेकर वाराणसी से लखनऊ पहुंचे हैं। उनके मुताबिक, उन्होंने भर्ती के नियमों के आधार पर आवेदन किया था। अब फिजिकल टेस्ट के लिए एडमिट कार्ड जारी नहीं होने से उनका चयन प्रक्रिया में आगे बढ़ना मुश्किल हो गया है। पूर्व सैनिकों ने भर्ती बोर्ड से मामले की जांच कर उन्हें फिजिकल टेस्ट में शामिल करने की मांग की है।









