अंबेडकरनगर। मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला ने शुक्रवार को जहांगीरगंज स्थित आश्रम पद्धति विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में अध्यनरत बच्चों से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई और रुचि के बारे में जानकारी ली। साथ ही भविष्य में करियर के लिए उचित क्षेत्र और विषय के चयन को लेकर जरूरी जानकारी दी।
रुचि के अनुसार क्षेत्र चुनने पर दिया जोर
संवाद के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने बच्चों से उनकी रुचि वाले विषयों और भविष्य की योजनाओं के बारे में पूछा। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक शिक्षा आगे के भविष्य की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण होती है। जिस क्षेत्र में करियर बनाना है, उसके अनुरूप विषय का चयन और पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन जरूरी है।
उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति सजग रहने और पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय की व्यवस्थाओं की ली जानकारी
मुख्य विकास अधिकारी ने विद्यालय की व्यवस्थाओं के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने वहां बच्चों के लिए उपलब्ध सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं की स्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की।









