अंबेडकरनगर। आलापुर तहसील क्षेत्र के तेन्दुआई कला गांव में न्यायालय में विचाराधीन भूमि पर कथित अवैध कब्जे के प्रयास का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने उपजिलाधिकारी आलापुर को प्रार्थना पत्र देकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। साथ ही आशंका जताई है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो विवाद गंभीर रूप ले सकता है।
कोर्ट में लंबित है भूमि विवाद
गांव निवासी लालमन और सौरभ ने बताया कि गाटा संख्या 244 ख (रकबा 0.095 हेक्टेयर) में उनका मालिकाना हक दर्ज है। इस भूमि से संबंधित नक्शा तरमीम का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। इसके बावजूद विपक्षी पक्ष जमीन पर कब्जा कर निर्माण कराने का प्रयास कर रहा है।
अवैध निर्माण कराने का आरोप
प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि गांव के गिरजाशंकर, अखिलेश और दुर्गेश न्यायालय में मामला लंबित होने के बावजूद विवादित भूमि पर जबरन कब्जा कर निर्माण कराना चाहते हैं। पीड़ित पक्ष का कहना है कि जब उन्होंने न्यायालय में चल रही कार्यवाही का हवाला देकर निर्माण कार्य रोकने का प्रयास किया तो आरोपितों ने विरोध करते हुए अभद्रता की।









