अंबेडकरनगर। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले अकबरपुर की सियासत में नई हलचल शुरू हो गई है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने अपनी चुनावी सीट बदलने का एलान किया है। अब वह गाजीपुर की जहूराबाद सीट के बजाय अंबेडकरनगर की अकबरपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। बुधवार को एक टीवी चैनल से बातचीत में की गई उनकी इस घोषणा ने जिले की सियासत में नए समीकरणों की चर्चा छेड़ दी है।
राजभर के इस एलान के बाद अकबरपुर में संभावित मुकाबले का केंद्र समाजवादी पार्टी के मौजूदा विधायक राम अचल राजभर बन गए हैं। छह बार विधानसभा पहुंच चुके राम अचल का इस सीट पर पुराना राजनीतिक आधार है। ऐसे में 2027 के चुनाव में दोनों नेताओं के बीच मुकाबले की संभावना ने अकबरपुर को प्रदेश की चर्चित सीटों में ला खड़ा किया है।
राम अचल के मजबूत राजनीतिक गढ़ में राजभर की एंट्री
अकबरपुर विधानसभा सीट पर राम अचल राजभर का कई दशकों से राजनीतिक प्रभाव रहा है। उन्होंने वर्ष 1993 में बसपा के टिकट पर पहली बार जीत दर्ज की थी। इसके बाद 1996, 2002 और 2007 में लगातार विधानसभा पहुंचे।
वर्ष 2012 में उन्होंने खुद चुनाव न लड़कर अपने बेटे संजय राजभर को मैदान में उतारा, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। वर्ष 2017 में राम अचल ने फिर वापसी की। बाद में बसपा छोड़कर सपा में शामिल हुए और 2022 में भी जीत दर्ज की।
अब ओमप्रकाश राजभर ने इसी सीट से चुनाव लड़ने का एलान किया है। ऐसे में अकबरपुर में दोनों नेताओं की राजनीतिक पकड़ और सामाजिक समीकरण चुनावी चर्चा का प्रमुख विषय बन सकते हैं।









