17 वर्षीय किशोरी लापता, मां ने एसपी से लगाई बरामदगी की गुहार

31 जुलाई से नहीं मिला सुराग; परिजनों ने युवक से बातचीत और धमकी देने का लगाया आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग

अंबेडकरनगर। मालीपुर थाना क्षेत्र के करमिसिरपुर गांव से 17 वर्षीय किशोरी के लापता होने के मामले में उसकी मां ने पुलिस अधीक्षक से जल्द बरामदगी की गुहार लगाई है। महिला ने मामले में दर्ज प्राथमिकी पर प्रभावी कार्रवाई के साथ निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिजनों ने किशोरी के साथ किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए उसे सकुशल बरामद करने की मांग की है।
महिला के अनुसार उनकी बेटी 31 जुलाई को घर से लापता हो गई थी। काफी खोजबीन के बाद भी जानकारी नहीं मिलने पर मालीपुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। परिजनों ने पुलिस को बताया था कि किशोरी की बातचीत बड़ौली अदाई गांव निवासी शिवम शर्मा पुत्र संजय शर्मा से होती थी। इसके संबंध में तस्वीरें भी पुलिस को उपलब्ध कराई गई थीं।
पूछताछ के बाद छोड़ने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने शिवम शर्मा को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था, लेकिन करीब दो दिन बाद उसे छोड़ दिया गया। इसके बाद किशोरी के बारे में जानकारी लेने पर परिवार को कथित तौर पर डराने-धमकाने की बात भी सामने आई है। महिला ने इस संबंध में भी कार्रवाई की मांग की है।
मोबाइल और तकनीकी साक्ष्यों की जांच की मांग
महिला ने एसपी से मामले से जुड़े सभी लोगों, मोबाइल नंबरों और उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों की निष्पक्ष जांच कराने का अनुरोध किया है। उनका कहना है कि जांच में यदि किसी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
परिजनों ने किशोरी की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए जल्द सकुशल बरामदगी की मांग की है। साथ ही परिवार को धमकाने के आरोपों की भी जांच कर कार्रवाई का आग्रह किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button