अम्बेडकरनगर। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी ईशा प्रिया की अध्यक्षता में बेसिक शिक्षा विभाग की जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति तथा जिला निपुण टास्क फोर्स की बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई और विद्यालयों में शैक्षिक एवं भौतिक सुधारों को लेकर विस्तृत निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति का प्रस्तुतीकरण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत सभी निर्धारित मानकों को शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए।
पेयजल और रसोईघर व्यवस्था को प्राथमिकता
जिलाधिकारी ने कहा कि जिन विद्यालयों में रसोईघर या पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं है, वहां प्राथमिकता के आधार पर तत्काल सुधार कार्य कराया जाए। उन्होंने विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर और व्यवस्थित बनाने पर जोर दिया।
निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
बैठक में मुख्यमंत्री अभ्युदय कंपोजिट विद्यालय, मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं को शीघ्र हस्तांतरित कराने और निर्माणाधीन कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में बाउंड्री फेंसिंग का कार्य जल्द पूरा कराने को कहा।
मिड-डे मील में लापरवाही पर जवाबदेही तय होगी
जिलाधिकारी ने सभी विद्यालयों में मध्याह्न भोजन योजना के तहत निर्धारित मेन्यू के अनुसार फल, दूध और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी विद्यालय में एमडीएम, फल या दूध वितरण में अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।









