फर्जी एप ने खोला कारोबारी का डेटा, धमकी देकर तीन बार में ठगे छह लाख

मोबाइल पर आए मैसेज के झांसे में डाउनलोड किया एप; जानकारी भरते ही साइबर ठगों के हाथ लगा निजी डाटा

अंबेडकरनगर। मोबाइल पर आए एक फर्जी मैसेज के जरिए एप डाउनलोड करना जलालपुर क्षेत्र के एक कारोबारी को भारी पड़ गया। एप में मांगी गई जानकारी भरते ही साइबर ठगों ने उसका डाटा हासिल कर लिया। इसके बाद ऑनलाइन नुकसान पहुंचाने की धमकी देकर तीन बार में दो-दो लाख रुपये, कुल छह लाख रुपये वसूल लिए। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।
जलालपुर के श्यामपुर निवासी प्रदीप कुमार दिल्ली में रहकर कारोबार करते हैं। कुछ दिन पहले खाली समय में मोबाइल चलाते समय उनके पास एक मैसेज आया। इसके झांसे में आकर उन्होंने संबंधित एप डाउनलोड कर लिया। एप में मांगी गई जानकारी भी भर दी। इसके बाद ठगों ने इसी जानकारी का इस्तेमाल कर उन्हें धमकाना शुरू कर दिया।
ठगों ने ऑनलाइन नुकसान पहुंचाने की बात कहकर रुपये देने का दबाव बनाया। उनके दबाव में आकर प्रदीप ने तीन अलग-अलग बार दो-दो लाख रुपये दिए। कुल छह लाख रुपये देने के बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।
लखनऊ में दर्ज हुई एफआईआर, साइबर थाने को जांच
शिकायत के आधार पर लखनऊ में अपराध संख्या शून्य पर एफआईआर दर्ज की गई। मामला अंबेडकरनगर से संबंधित होने के कारण विवेचना के लिए साइबर थाना स्थानांतरित कर दी गई है।
साइबर थाना प्रभारी रंधा सिंह यादव ने बताया कि मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है। साइबर ठगी में इस्तेमाल किए गए एप, लेनदेन और संबंधित डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button