- भारी पुलिस बल के साथ पहुंची टीम, फिलहाल नहीं हुआ ध्वस्तीकरण; ग्रामीणों ने जताया विरोध
अंबेडकर नगर। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के गौहन्ना गांव में गुरुवार को विवादित भूमि को लेकर प्रशासन ने न्यायालय के आदेश का पालन कराया। राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और विवादित जमीन पर बने सात मकानों में ताला लगाकर कब्जा सुरक्षित कर लिया।
प्रशासन की कार्रवाई के दौरान गांव में हलचल रही, लेकिन पुलिस की मौजूदगी के कारण स्थिति नियंत्रण में रही। अधिकारियों ने फिलहाल किसी भी मकान को गिराने की कार्रवाई नहीं की है।
मौके पर पहुंची राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम
प्रशासन के अनुसार न्यायालय ने विवादित भूमि पर हुए निर्माण को हटाकर डिग्रीधारक को कब्जा दिलाने का आदेश दिया है। इसी आदेश के अनुपालन में टीम गौहन्ना पहुंची। मौके का निरीक्षण करने के बाद अधिकारियों ने विवादित भूमि पर बने सात मकानों को चिन्हित किया और उनमें ताला लगाकर कब्जा सुरक्षित किया। प्रशासन ने कहा कि आगे की कार्रवाई न्यायालय के आदेश और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के अनुसार की जाएगी।
सौ साल से रहने का ग्रामीणों का दावा
कार्रवाई के बाद प्रभावित परिवारों ने अपना पक्ष रखते हुए विरोध जताया। ग्रामीणों का कहना है कि वे इस जमीन पर लंबे समय से रह रहे हैं। प्रभावित लोगों ने आरोप लगाया कि ऊसर भूमि को लेकर की गई डिक्री में गड़बड़ी हुई है और इसी आधार पर कब्जा लेने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बरसात के मौसम में कार्रवाई से परेशानी बढ़ने की बात कही।









