अंबेडकरनगर। भाजपा किसान मोर्चा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष अभिमन्यु अग्रहरि के पहली बार जिले में आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह स्वागत किया। यादव नगर से भाजपा जिला कार्यालय अटल भवन तक विभिन्न स्थानों पर अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत कर नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी।
अटल भवन में आयोजित हुआ स्वागत समारोह
भाजपा जिला कार्यालय अटल भवन में जिला मीडिया प्रभारी बाल्मीकि उपाध्याय की अध्यक्षता में स्वागत समारोह हुआ। पिछड़ा मोर्चा के जिला महामंत्री रमेश यादव ने कार्यक्रम का संचालन किया। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अभिमन्यु अग्रहरि का अभिनंदन किया।
जिला महामंत्री बाबा राम शब्द यादव ने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और संगठन के प्रति निष्ठा का महत्व है। किसान मोर्चा किसानों की समस्याओं को समझने और उनकी आवाज उचित मंच तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अभिमन्यु अग्रहरि के नेतृत्व में मोर्चा जिले में संगठन को मजबूत करने के साथ किसानों के हित में सक्रियता से काम करेगा।
किसानों से संपर्क बढ़ाना प्राथमिकता : अभिमन्यु अग्रहरि
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष अभिमन्यु अग्रहरि ने स्वागत के लिए पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाने का प्रयास करेंगे। संगठन को मजबूत करना, किसानों से लगातार संपर्क बनाए रखना और उनकी समस्याएं सुनकर समाधान के लिए प्रयास करना उनकी प्राथमिकता होगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे बाल्मीकि उपाध्याय ने कहा कि कार्यकर्ताओं के सहयोग से किसान मोर्चा को जिले में और सक्रिय बनाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने सभी को साथ लेकर संगठन के कार्यों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।









