- बैंक के बाहर पत्नी को बुलाकर गोली मारने का आरोप
- घर पहुंचकर बहन की हत्या के बाद खुदकुशी
- पुलिस और फोरेंसिक टीम ने शुरू की जांच
लखनऊ। गोमतीनगर थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक बैंककर्मी ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और बहन की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद को भी गोली मार ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और फोरेंसिक टीम ने जांच शुरू कर दी।
बताया गया कि आरोपी बैंककर्मी ने दोपहर में ICICI बैंक के बाहर अपनी पत्नी दिव्या मिश्रा को फोन कर ऑफिस से बाहर बुलाया। दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर पत्नी को गोली मार दी और वहां से फरार हो गया।
घर पहुंचकर बहन को भी गोली मारी
पत्नी को गोली मारने के बाद आरोपी सीधे अपने घर पहुंचा। उसने कमरे को अंदर से बंद कर लिया। कुछ देर बाद उसने अपनी बहन शीबा बाजपेई को गोली मार दी और फिर खुद को भी गोली मार ली।
घटना के बाद आसपास के लोगों को जानकारी हुई तो पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
पत्नी से चल रहा था विवाद
दिव्या मिश्रा ICICI बैंक में असिस्टेंट मैनेजर थीं और आलमबाग में रहती थीं। जानकारी के मुताबिक, उन्होंने करीब एक साल पहले अपने पति मानस से तलाक के लिए कोर्ट में अपील दायर की थी।
दिव्या यूट्यूबर प्रज्ञा मिश्रा की बहन बताई जा रही हैं। वहीं मानस बाजपेई SBI में कार्यरत था।
बहन के साथ किराए के मकान में रहता था
बताया गया कि मानस और उसकी बहन शीबा किराए के मकान में रहते थे। उनके माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है।
फास्ट फूड दुकान के मालिक लवकुश के मुताबिक, करीब 12:30 बजे मानस अचानक वहां पहुंचा था। वह काफी पसीने में था। अंदर जाने के बाद उसने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया। कुछ देर बाद अंदर से आवाज सुनाई दी। इसके बाद गोली चलने की घटना की जानकारी सामने आई।









