कानपुर। शहर के मोतीझील में आयोजित ऑल इंडिया ऑल ब्रीड्स चैंपियनशिप डॉग शो में दुनिया के सबसे छोटे कुत्तों में शामिल चिहुआहुआ नस्ल का डॉग आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। इसे देहरादून से मित्रानंद पंत लेकर पहुंचे हैं। चिहुआहुआ नस्ल की उत्पत्ति मैक्सिको में मानी जाती है। शनिवार दोपहर एक बजे महापौर प्रमिला पांडे ने डॉग शो का उद्घाटन किया।
देशभर से दुर्लभ नस्लों के डॉग पहुंचे
कानपुर केनल वेलफेयर एसोसिएशन और कानपुर नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह कार्यक्रम मोतीझील के लॉन नंबर-2 में शाम पांच बजे तक चलेगा। इसमें देश के अलग-अलग हिस्सों से दुर्लभ नस्लों के श्वान हिस्सा लेने पहुंचे हैं। दर्शकों को विभिन्न नस्लों, उनकी खासियत और प्रशिक्षण कौशल को करीब से देखने का मौका मिल रहा है।
25 स्टॉल लगाए गए, विदेशी नस्लों का भी प्रदर्शन
डॉग शो में कुल 25 स्टॉल लगाए गए हैं। आयोजकों के मुताबिक, कोलकाता, मुंबई, दिल्ली, देहरादून, पंजाब के जालंधर और अमृतसर, गाजियाबाद तथा हरियाणा समेत कई स्थानों से प्रतिभागी अपने डॉग लेकर पहुंचे हैं। यहां देशी नस्लों के साथ मैक्सिको, चीन और अमेरिका से जुड़ी नस्लों के श्वान भी प्रदर्शित किए जा रहे हैं।
डॉग प्रेमियों के लिए खास आयोजन
इस आयोजन में डॉग प्रेमियों को अलग-अलग नस्लों को देखने और उनके बारे में जानकारी हासिल करने का अवसर मिल रहा है। श्वानों की बनावट, व्यवहार और प्रशिक्षण से जुड़ी खूबियां भी लोगों के आकर्षण का केंद्र हैं।









