रेवंत रेड्डी को अमेरिका जाने की नहीं मिली मंजूरी

23 अगस्त को लौटेंगे हैदराबाद- केंद्र से अमेरिकी दौरे की राजनीतिक मंजूरी नहीं मिली

हैदराबाद। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी के अमेरिका दौरे को केंद्र सरकार से मंजूरी नहीं मिली है। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। CMO के मुताबिक, रेवंत रेड्डी के नेतृत्व में तेलंगाना राइजिंग प्रतिनिधिमंडल अब अमेरिका नहीं जा सकेगा। विदेश मंत्रालय ने राजनीतिक आधार पर दौरे को मंजूरी देने से इनकार किया है।

23 अगस्त को हैदराबाद लौटेंगे

रेवंत रेड्डी फिलहाल लंदन में हैं। उन्हें लंदन दौरे के बाद अमेरिका के बोस्टन जाना था और 30 अगस्त को हैदराबाद लौटना था। अमेरिका दौरा रद्द होने के बाद अब मुख्यमंत्री 23 अगस्त को सीधे हैदराबाद लौटेंगे।

अमेरिका जाए बिना पूरे होंगे समझौते

अमेरिका दौरा रद्द होने के बावजूद मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को वहां के संस्थानों के साथ प्रस्तावित समझौते पूरे करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से सभी MoU और साझेदारी समझौतों को अमेरिका गए बिना आगे बढ़ाने को कहा है।

पहले से तय था UK-US दौरा

रेवंत रेड्डी 20 अगस्त को लंदन पहुंचे थे। उनके UK दौरे में ऑक्सफोर्ड, कैम्ब्रिज, यूनिवर्सिटी ऑफ लंदन और लंदन बिजनेस स्कूल से जुड़े कार्यक्रम शामिल थे। उन्हें एमिरेट्स स्टेडियम में EPL फुटबॉल से संबंधित कार्यक्रम में भी हिस्सा लेना था।

हार्वर्ड और MIT जाने का था कार्यक्रम

UK दौरे के बाद 24 अगस्त को अमेरिका में हार्वर्ड यूनिवर्सिटी और MIT जाने का कार्यक्रम था। 25 अगस्त को बोस्टन में वर्जीनिया टेक की टीम के साथ बैठक और 26 अगस्त को न्यूयॉर्क में इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के US चैप्टर के कार्यक्रम में शामिल होना था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button