- 6 डॉक्टरों की टीम ने की इमरान खान की जांच
- अस्पताल में भर्ती रखने की जरूरत नहीं बताई
- कड़ी सुरक्षा में अडियाला जेल भेजे गए
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को मेडिकल जांच के बाद शुक्रवार को इस्लामाबाद के शिफा इंटरनेशनल हॉस्पिटल से वापस अडियाला जेल भेज दिया गया। जियो न्यूज के मुताबिक, अस्पताल पहुंचने के बाद 6 डॉक्टरों की टीम ने उनकी स्वास्थ्य जांच की।
डॉक्टरों ने अस्पताल में भर्ती से किया इनकार
जांच के बाद डॉक्टरों ने कहा कि इमरान खान को अस्पताल में भर्ती रखने की जरूरत नहीं है और उन्हें जेल में ही रखा जा सकता है। इसके बाद उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच रावलपिंडी की अडियाला जेल ले जाया गया।
अस्पताल में बढ़ाई गई थी सुरक्षा
इमरान खान को गुरुवार देर रात अडियाला जेल से शिफा इंटरनेशनल हॉस्पिटल लाया गया था। उनके अस्पताल पहुंचने के बाद सुरक्षा व्यवस्था काफी कड़ी कर दी गई थी। अस्पताल की सभी लाइटें बंद कर दी गईं और स्टाफ के मोबाइल फोन भी जमा करा लिए गए।
मीडिया को भी अस्पताल से हटाया
अस्पताल के बाहर मौजूद मीडिया कर्मियों को भी वहां से हटा दिया गया था। मेडिकल जांच पूरी होने के बाद इमरान खान को अस्पताल से वापस जेल भेज दिया गया।
सरकार ने फिर दाखिल की रिव्यू पिटीशन
पाकिस्तान सरकार ने गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट में दोबारा रिव्यू पिटीशन दाखिल की है। सरकार ने मांग की है कि इमरान खान को इलाज के लिए प्राइवेट अस्पताल भेजने से जुड़े कोर्ट के आदेश में बदलाव किया जाए।









