- कपूरथला के 28 वर्षीय गुरदीप सिंह पर बाइक सवार हमलावरों ने की फायरिंग
- अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
- परिवार ने शव भारत लाने और आरोपियों को सजा दिलाने की मांग की
कपूरथला। पंजाब के कपूरथला जिले के रहने वाले 28 वर्षीय युवक गुरदीप सिंह की अमेरिका में गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना उस समय हुई, जब वह पिज्जा डिलीवरी देने जा रहा था। इसी दौरान बाइक पर आए हमलावरों ने उस पर फायरिंग कर दी।
गोली लगने से गुरदीप गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उसकी जान नहीं बचा सके।
10 साल पहले काम के लिए अमेरिका गया था
गुरदीप सिंह कपूरथला के बेगोवाल कस्बे के जब्बोवाल गांव का रहने वाला था। वह करीब 10 साल पहले काम करने के लिए अमेरिका गया था और वहीं रहकर काम कर रहा था।
22 अगस्त को गुरदीप की मौत की सूचना परिवार को मिली। खबर मिलते ही घर में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिवार ने सरकार से लगाई मदद की गुहार
गुरदीप के परिवार ने केंद्र सरकार और पंजाब सरकार से मामले में मदद की मांग की है। परिजनों की मांग है कि गुरदीप का शव जल्द भारत लाया जाए, ताकि उसका अंतिम संस्कार किया जा सके।
परिवार ने अमेरिका में गुरदीप की हत्या करने वाले आरोपियों की पहचान कर उन्हें कड़ी सजा दिलाने की भी मांग की है।









