लखनऊ में 120 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ी महिला, CM से मिलने की मांग

गाजीपुर से जमीन विवाद की शिकायत लेकर पहुंची थी महिला, पुलिस ने आधे घंटे समझाकर नीचे उतारा

लखनऊ। लखनऊ में शुक्रवार सुबह एक महिला करीब 120 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। ऊपर पहुंचने के बाद वह जोर-जोर से चिल्लाने लगी। महिला को टावर पर चढ़ा देखकर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने करीब आधे घंटे तक उसे समझाने का प्रयास किया।

पुलिस ने सुरक्षित नीचे उतारा

पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की हाइड्रोलिक गाड़ी भी लगाई गई। काफी समझाने के बाद महिला पुलिस की बात मान गई और सुरक्षित नीचे उतर आई।

गाजीपुर से CM से मिलने पहुंची थी

महिला ने पुलिस को बताया कि वह गाजीपुर जिले के कासिमाबाद की रहने वाली दीपा चौहान है। उसने बताया कि पड़ोसी से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। काफी कोशिशों के बावजूद मामले में सुनवाई नहीं हो रही थी। इसी समस्या को लेकर वह गाजीपुर से लखनऊ मुख्यमंत्री से मिलने पहुंची थी।

ऐशबाग स्टेशन के बाहर चढ़ी टावर पर

जिस टावर पर महिला चढ़ी थी, वह ऐशबाग रेलवे स्टेशन परिसर के बाहर स्थित है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस फोर्स के साथ फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई। महिला के नीचे उतरने के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button