यूपी में 6 नदियां खतरे के निशान से ऊपर, 13 जिलों में बाढ़ जैसे हालात

वाराणसी के 84 घाट डूबे, छत पर हो रहा अंतिम संस्कार; गंगा में नाव संचालन पर रोक, कई राज्यों में बारिश का अलर्ट

  • यूपी में 6 नदियां खतरे के निशान से ऊपर
  • 13 जिलों में बाढ़ जैसे हालात
  • वाराणसी के 84 घाट पानी में डूबे

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से गंगा और घाघरा समेत छह नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। प्रदेश के 13 जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। लखनऊ, बाराबंकी समेत पांच शहरों में शनिवार सुबह से रुक-रुककर बारिश हो रही है।

वाराणसी के 84 घाट डूबे

वाराणसी में गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। शनिवार को नदी का पानी 68.74 मीटर तक पहुंच गया। केंद्रीय जल आयोग के मुताबिक जलस्तर करीब 20 मिलीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है। हालांकि खतरे का निशान 71.26 मीटर है।

बढ़ते जलस्तर के कारण वाराणसी के सभी 84 घाट पानी में डूब गए हैं। मणिकर्णिका घाट की छत पर अंतिम संस्कार किया जा रहा है, जबकि दशाश्वमेध घाट की गंगा आरती भी छत पर कराई जा रही है।

गंगा में नाव संचालन बंद

गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन ने छोटी-बड़ी सभी नावों के संचालन पर रोक लगा दी है। घाटों के कई रास्ते और रिवरफ्रंट के हिस्से जलमग्न होने से एक घाट से दूसरे घाट तक आवाजाही भी प्रभावित हुई है।

दिल्ली में सामान्य से ज्यादा बारिश

दिल्ली में शुक्रवार रात से रुक-रुककर बारिश जारी है। अगस्त का महीना पूरा होने से पहले ही राजधानी में सामान्य से अधिक बारिश हो चुकी है। सफदरजंग मौसम केंद्र पर 1 से 21 अगस्त के बीच 235.3 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि अगस्त में सामान्य बारिश 233.1 मिमी होती है।

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में वीकेंड के दौरान भी बारिश जारी रह सकती है।

राजस्थान में कमजोर पड़ा मानसून

राजस्थान में मानसून कमजोर पड़ने से बारिश में कमी आई है। शुक्रवार को 15 जिलों में बारिश का अलर्ट था, लेकिन 11 जिलों में तेज धूप रही। बाकी चार जिलों में भी 10 मिमी से कम बारिश दर्ज हुई।

बारिश कम होने से प्रदेश में गर्मी और उमस बढ़ गई है। श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 39.9 डिग्री और चूरू में 39 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button