लखनऊ। ठाकुरगंज इलाके में नाबालिग बच्चे से गाली-गलौज का विरोध करने पर एक परिवार पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि किराना व्यापारी ने अपने दो बेटों और साथियों के साथ पहले इलेक्ट्रॉनिक शो-रूम संचालक को रास्ते में रोककर पीटा। इसके बाद करीब 30 लोगों के साथ उसके घर पर पथराव किया और दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गए। घर में तोड़फोड़ के साथ व्यापारी, उसकी पत्नी और नाबालिग बच्चों के साथ मारपीट की गई। घटना में परिवार के सदस्यों को चोटें आई हैं। महिला की तहरीर पर पुलिस ने बलवा, मारपीट, धमकी और घर में जबरन घुसने समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
हॉर्न बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद
न्यू हैदरगंज रिंग रोड निवासी खुर्रम इलेक्ट्रॉनिक शो-रूम चलाते हैं। उनकी पत्नी जुलैखा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बुधवार रात करीब 9:15 बजे उनका 10 वर्षीय बेटा हुजैफा घर के बाहर खेल रहा था, जबकि दूसरा बेटा हसन (14) गाड़ी चला रहा था। इसी दौरान हॉर्न बजाने को लेकर किराना व्यापारी शकील ने हसन से गाली-गलौज शुरू कर दी।
जुलैखा के मुताबिक, सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचीं तो शकील ने उनके साथ भी अभद्रता की। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर उस समय मामला शांत करा दिया।
शो-रूम से लौटते समय खुर्रम को रोका
आरोप है कि देर रात खुर्रम शो-रूम से घर लौट रहे थे। रास्ते में शकील, उसके दो बेटों और साथी नोमान व मूसा ने उन्हें रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी। खुर्रम किसी तरह वहां से बचकर अपने घर पहुंचे।
करीब 30 लोगों के साथ घर पर पथराव
जुलैखा ने आरोप लगाया कि खुर्रम के घर पहुंचने के बाद शकील अपने करीब 30 साथियों के साथ वहां आ गया। हमलावरों ने घर पर पथराव किया और दरवाजा तोड़कर जबरन अंदर घुस गए। इसके बाद घर में तोड़फोड़ की गई और खुर्रम को लाठी-डंडों से पीटा गया।
आरोप है कि बीच-बचाव करने पहुंचे नाबालिग बच्चों के साथ भी मारपीट की गई। जुलैखा के मुताबिक, हमलावरों ने उन्हें घूंसे मारे और उनका हाथ मरोड़ दिया। घटना में परिवार के सदस्यों को चोटें आईं।
धमकी देकर भागे आरोपी, पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। इसके बाद जुलैखा ने पति और बच्चों का प्राथमिक उपचार कराया और ठाकुरगंज थाने में तहरीर दी।
यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/up-mahila-ayog-app-complaint/
ठाकुरगंज थाना सेकेंड इंचार्ज प्रदीप कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ बलवा, शांतिभंग, मारपीट, धमकी और घर में जबरन घुसने समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









