नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने शुक्रवार को नेशनल टीचर्स अवॉर्ड 2026 के लिए देशभर से 48 स्कूली शिक्षकों का चयन किया है। इनमें केंद्रीय विद्यालय, नवोदय विद्यालय, सैनिक स्कूल, आदर्श जनजातीय स्कूल और पीएम श्री स्कूलों समेत विभिन्न संस्थानों के शिक्षक शामिल हैं।
चयनित 48 शिक्षकों में 26 पुरुष और 22 महिला शिक्षक हैं।
यूपी के तीन शिक्षक शामिल
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए उत्तर प्रदेश से तीन शिक्षकों का चयन किया गया है। वहीं बिहार और मध्य प्रदेश से दो-दो शिक्षक इस सम्मान के लिए चुने गए हैं।
5 सितंबर को मिलेगा सम्मान
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 5 सितंबर को चयनित शिक्षकों को नेशनल टीचर्स अवॉर्ड प्रदान करेंगी। हर साल 5 सितंबर को पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर शिक्षक दिवस मनाया जाता है।
तीन चरणों में हुआ चयन
शिक्षा मंत्रालय के अनुसार, 48 शिक्षकों का चयन स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग ने तीन चरणों की प्रक्रिया के तहत किया। चयन प्रक्रिया जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पूरी की गई।
शिक्षा में योगदान के लिए सम्मान
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार का उद्देश्य स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित करना है। इसके जरिए ऐसे शिक्षकों के कार्यों को सामने लाया जाता है, जिन्होंने अपनी प्रतिबद्धता और मेहनत से शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के साथ विद्यार्थियों के जीवन को बेहतर बनाने में योगदान दिया है।









