- फ्लाइट लेट या कैंसिल होने पर होटल और कैब की जानकारी मिलेगी
- इन-हाउस बुकिंग इंजन से तेज होगी टिकट बुकिंग
- नया पेमेंट सिस्टम करेगा आसान और सुरक्षित ट्रांजैक्शन
- एप 1.7 करोड़ बार डाउनलोड, रोज 1 लाख से ज्यादा यूजर
नई दिल्ली। एअर इंडिया ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अपने मोबाइल एप को नए फीचर्स के साथ अपडेट किया है। नए अपडेट के बाद टिकट बुकिंग पहले से ज्यादा तेज और आसान हो गई है। साथ ही फ्लाइट लेट या कैंसिल होने की स्थिति में यात्रियों को होटल और कैब से जुड़ी जानकारी सीधे एप की होम स्क्रीन पर मिल जाएगी।
कंपनी ने एप में नया इन-हाउस इंटरनेट बुकिंग इंजन जोड़ा है, जिससे टिकट बुकिंग के दौरान एप की स्पीड बेहतर होगी और हैंग होने जैसी समस्याएं कम होंगी।
नए अपडेट की खास बातें
- फ्लाइट लेट या रद्द होने पर होटल और कैब की जानकारी तुरंत मिलेगी।
- नया इन-हाउस बुकिंग इंजन टिकट बुकिंग को तेज और स्मूद बनाएगा।
- नया पेमेंट ऑर्केस्ट्रेशन सिस्टम डिजिटल पेमेंट को आसान बनाएगा।
- ट्रांजैक्शन की बेहतर निगरानी से पेमेंट फेल होने की समस्या कम होगी।
- एक साथ बड़ी संख्या में यूजर्स एप इस्तेमाल कर सकेंगे।
एअर इंडिया के अनुसार, उसका मोबाइल एप अब तक करीब 1.7 करोड़ बार डाउनलोड किया जा चुका है। रोजाना 1 लाख से अधिक यात्री यात्रा से जुड़े विभिन्न कार्यों के लिए इसका उपयोग करते हैं।
टाटा ग्रुप के 2022 में एअर इंडिया के अधिग्रहण के बाद कंपनी लगातार डिजिटल बदलाव कर रही है। अब तक 140 से अधिक डिजिटल सिस्टम्स को आधुनिक बनाया जा चुका है और एप का यह नया अपडेट उसी प्रक्रिया का हिस्सा है।









