चीन में टेस्ला समेत 40 लाख से ज्यादा EV रिकॉल

हिडन डोर हैंडल बना सुरक्षा का खतरा

बीजिंग। चीन के रेग्युलेटर ने सुरक्षा चिंताओं को देखते हुए टेस्ला समेत कई प्रमुख इलेक्ट्रिक वाहन कंपनियों की 40 लाख से ज्यादा गाड़ियों को वापस मंगाने का आदेश दिया है। यह इस साल का सबसे बड़ा ऑटो रिकॉल बताया जा रहा है। ज्यादातर गाड़ियों में फ्लश या हिडन डोर हैंडल से जुड़ी तकनीकी समस्या सामने आई है।

29.8 लाख टेस्ला गाड़ियों में डोर हैंडल का जोखिम

चीन के स्टेट एडमिनिस्ट्रेशन फॉर मार्केट रेगुलेशन के मुताबिक, टेस्ला चीन में बनी और आयात की गई करीब 29.8 लाख इलेक्ट्रिक गाड़ियों को रिकॉल कर रही है। इनमें मॉडल 3, मॉडल Y, मॉडल X और मॉडल S शामिल हैं।

कंपनी इस समस्या को सॉफ्टवेयर अपडेट के जरिए ठीक करेगी। इसका उद्देश्य दुर्घटना की स्थिति में डोर हैंडल के काम नहीं करने से पैदा होने वाले जोखिम को कम करना है।

हादसे के बाद अंदर फंस सकते हैं यात्री

चीन के रेग्युलेटर ने हिडन डोर हैंडल को लेकर सुरक्षा जांच तेज की है। अधिकारियों के मुताबिक, गंभीर दुर्घटना के बाद अगर गाड़ी का इलेक्ट्रिकल सिस्टम फेल हो जाता है तो डिजिटल डोर हैंडल काम करना बंद कर सकते हैं।

ऐसी स्थिति में वाहन के अंदर मौजूद यात्रियों को बाहर निकलने में परेशानी हो सकती है। साथ ही बाहर मौजूद बचावकर्मियों के लिए भी गाड़ी के अंदर पहुंचना मुश्किल हो सकता है।

2027 तक हिडन डोर हैंडल पर पूरी तरह रोक

चीन सरकार ने इलेक्ट्रिक वाहनों में इस्तेमाल होने वाले फ्लश और हिडन डोर हैंडल को लेकर नए नियमों की तैयारी की है। सरकार के मुताबिक, अगले साल से इन पर रोक की प्रक्रिया शुरू होगी और 2027 तक प्रतिबंध पूरी तरह प्रभावी हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button