अंबेडकरनगर। नगर पंचायत अशरफपुर किछौछा की राजनीति और प्रशासनिक व्यवस्था में शनिवार को बड़ा बदलाव हुआ। शासन ने नगर पंचायत अध्यक्ष ओमकार गुप्ता को तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया। यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश नगर पालिका अधिनियम-1916 की धारा 48 के प्रावधानों के तहत की गई है।
शासन के आदेश के बाद अब अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी प्रशासक के पास रहेगी। उपचुनाव होने तक नगर पंचायत के प्रशासनिक और वित्तीय कामकाज का संचालन अधिकृत राजपत्रित अधिकारी करेगा।
हड़ताल से शुरू हुआ मामला, जांच में सामने आए कई बिंदु
अध्यक्ष के खिलाफ लगाए गए आरोपों की जांच जिलाधिकारी अंबेडकरनगर की प्रतिपरीक्षण आख्या के आधार पर कराई गई। शासनादेश के अनुसार, जांच में सफाई कर्मचारियों के कार्य बहिष्कार और अनिश्चितकालीन हड़ताल से जुड़े आरोप सही पाए गए।
जांच में हड़ताल की अवधि के वेतन भुगतान को लेकर अधिशासी अधिकारी पर दबाव बनाने का आरोप भी सही मिला। इसके अलावा त्योहारों के दौरान कर्मचारियों के वेतन भुगतान का अनुमोदन नहीं करने की बात भी जांच में सामने आई।
नगर की सफाई व्यवस्था बिगड़ी, पेयजल और प्रकाश पर भी असर
शासन के मुताबिक, कर्मचारियों की हड़ताल का असर नगर की मूलभूत व्यवस्थाओं पर पड़ा। सफाई व्यवस्था प्रभावित होने से कई स्थानों पर गंदगी और कूड़े के ढेर लग गए।
पेयजल और प्रकाश व्यवस्था भी प्रभावित होने की बात शासनादेश में कही गई है। इससे आम लोगों को परेशानी हुई। आदेश में महाकुंभ के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं और किछौछा शरीफ पहुंचने वाले जायरीनों के बीच नगर की व्यवस्थाओं को लेकर प्रतिकूल संदेश जाने का भी उल्लेख है।









