5-डे बैंकिंग लागू करने और नई PLI स्कीम वापस लेने की मांग
देशभर के बैंक कर्मचारी और अधिकारी सितंबर-अक्टूबर में हड़ताल पर जा सकते हैं। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 5 दिन की बैंकिंग व्यवस्था लागू करने और नई परफॉर्मेंस-लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) स्कीम वापस लेने की मांग को लेकर देशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है।
UFBU ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार और बैंक प्रबंधन ने उनकी मांगों पर सहमति नहीं बनाई तो 26 अक्टूबर से देशभर के बैंकों में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जा सकती है।
5-डे बैंकिंग की मांग दो साल से लंबित
बैंक यूनियनों का कहना है कि 8 मार्च 2024 को इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) के साथ 12वें द्विपक्षीय समझौते और 9वें ज्वाइंट नोट पर हस्ताक्षर हुए थे। इसमें सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग लागू करने पर सहमति बनी थी।
प्रस्ताव के अनुसार, बैंक कर्मचारी सोमवार से शुक्रवार तक काम करेंगे और हर दिन करीब 40 मिनट अतिरिक्त काम करेंगे। IBA ने प्रस्ताव को मंजूरी देकर केंद्र सरकार के पास भेज दिया था, लेकिन दो साल से ज्यादा समय बीतने के बाद भी वित्त मंत्रालय से इसे मंजूरी नहीं मिली है।
PLI स्कीम वापस लेने की भी मांग
UFBU की दूसरी प्रमुख मांग सरकार द्वारा लागू की गई नई परफॉर्मेंस-लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) स्कीम को वापस लेने की है। बैंक यूनियनों का कहना है कि उनकी मांगों पर जल्द फैसला नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।









