CJP ने सौरव दास और आशुतोष रांका की रिहाई मांगी

तिहाड़ जेल में पांच दिन की न्यायिक हिरासत में हैं दोनों कार्यकर्ता, जमानतदारों के दस्तावेज जमा; संस्थापक अभिजीत दीपके को शनिवार को मिली जमानत

नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने सौरव दास और आशुतोष रांका की रिहाई की मांग की है। दोनों फिलहाल तिहाड़ जेल में पांच दिन की न्यायिक हिरासत में हैं। पार्टी की कानूनी टीम ने स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट के सामने जमानतदारों के दस्तावेज जमा कर दिए हैं। दोनों की रिहाई पर रविवार दोपहर तक फैसला आने की उम्मीद जताई गई है।

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान हुई थी गिरफ्तारी

पुलिस ने 13 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान सौरव दास और आशुतोष रांका को CJP के अन्य कार्यकर्ताओं के साथ हिरासत में लिया था। इसके बाद स्पेशल कोर्ट ने दोनों को पांच दिन की न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया था।

पुलिस के मुताबिक, दोनों ने शांति बनाए रखने के लिए दिए गए बांड की शर्तों का उल्लंघन किया और जंतर-मंतर में प्रवेश किया। हाल ही में जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थलों की सूची से हटा दिया गया है।

जमानतदारों के दस्तावेज जमा

CJP की कानूनी टीम के अनुसार, जमानतदार उपलब्ध नहीं होने के कारण सौरव दास और आशुतोष रांका को न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। अब जमानतदारों से जुड़े दस्तावेज स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट के समक्ष जमा कर दिए गए हैं। पार्टी को उम्मीद है कि दस्तावेजों पर विचार के बाद दोनों की रिहाई का रास्ता साफ हो सकता है।

अभिजीत दीपके को 24 घंटे में मिली जमानत

CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके को शनिवार को जमानत मिल गई थी। इसके लिए उन्हें 50 हजार रुपये का बेल बॉन्ड भरना पड़ा। दिल्ली पुलिस ने उन्हें शुक्रवार देर रात गिरफ्तार किया था। इससे पहले शुक्रवार को कनॉट प्लेस में आयोजित ‘लहरा दो तिरंगा’ रैली से पहले उन्हें हिरासत में लिया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button