रोहतक। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम एक बार फिर जेल से बाहर आ गया है। उसे 21 दिन की फरलो मंजूर हुई है। मंगलवार सुबह करीब 6:05 बजे वह रोहतक की सुनारिया जेल से बाहर निकला। उसके काफिले में दो लैंड क्रूजर, दो फॉर्च्यूनर, दो इनोवा और दो पुलिस एस्कॉर्ट वाहन शामिल थे।
सिरसा डेरे पहुंचा राम रहीम
जेल से निकलने के करीब दो घंटे बाद राम रहीम सुबह लगभग 8 बजे सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा पहुंच गया। फरलो की अवधि के दौरान वह सिरसा डेरे में रहेगा।
9 साल में 17वीं बार जेल से बाहर
राम रहीम को अगस्त 2017 में साध्वियों से यौन शोषण के मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद सजा हुई थी। इसके बाद से करीब नौ साल में यह 17वीं बार है, जब वह पैरोल या फरलो के जरिए जेल से बाहर आया है।
इस साल दो बार मिली पैरोल
इस साल जनवरी में राम रहीम को 40 दिन की पैरोल मिली थी। इसके बाद 26 मई को उसे 30 दिन की पैरोल दी गई। पैरोल की अवधि पूरी होने के बाद वह 25 जून को सुनारिया जेल वापस लौटा था।
अंशुल छत्रपति ने उठाए सवाल
पत्रकार रामचंद्र छत्रपति के बेटे अंशुल छत्रपति ने राम रहीम को बार-बार पैरोल और फरलो मिलने पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य स्तर पर राम रहीम को लगातार राहत दी जा रही है। उन्होंने कहा कि बार-बार जेल से बाहर आने की घटनाएं कई सवाल खड़े करती हैं।









