पीएम मोदी ने राजस्थान में पचपदरा रिफाइनरी का उद्घाटन किया

जयपुर मेट्रो फेज-2 की रखी आधारशिला

बालोतरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को राजस्थान दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन करने के बाद बालोतरा के पचपदरा स्थित देश की सबसे आधुनिक रिफाइनरी का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने रिफाइनरी के कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया और विशेषज्ञों से परियोजना की जानकारी ली। साथ ही जयपुर मेट्रो फेज-2 की आधारशिला भी वर्चुअल माध्यम से रखी।

प्रधानमंत्री करीब दोपहर 12 बजे पचपदरा पहुंचे। यहां उन्होंने रिफाइनरी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया। जनसभा के लिए विशेष डोम बनाया गया, जिसमें करीब 5 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई थी। पीएम ने परियोजना से जुड़े अधिकारियों और विशेषज्ञों से बातचीत कर रिफाइनरी की कार्यप्रणाली की जानकारी भी ली।

इससे पहले सुबह करीब 10:40 बजे प्रधानमंत्री जोधपुर पहुंचे, जहां उन्होंने एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया। उन्होंने नए टर्मिनल का अवलोकन किया और ‘उड़ान-2.0’ योजना की शुरुआत भी की। इस दौरान उन्हें योजना का विस्तृत प्रेजेंटेशन भी दिखाया गया।

गौरतलब है कि इसी वर्ष 20 अप्रैल को पचपदरा रिफाइनरी की क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट (CDU) और वैक्यूम डिस्टिलेशन यूनिट (VDU) में आग लग गई थी। यह हादसा प्रस्तावित उद्घाटन से एक दिन पहले हुआ था, जिसके चलते प्रधानमंत्री का कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया था। अब रिफाइनरी का औपचारिक उद्घाटन संपन्न हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button