लखनऊ। लखनऊ क्राइम ब्रांच ने चारबाग रेलवे स्टेशन और आसपास यात्रियों को निशाना बनाने वाले जेबकतरा गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने गैंग के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 1.24 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, यह रकम अलग-अलग वारदातों में जेब काटकर जुटाई गई थी। आरोपियों के पास से स्कूटी भी बरामद हुई है।
अलग-अलग शहरों में करते थे जेबकतरी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी एक स्थान तक सीमित नहीं रहते थे। गिरोह के सदस्य अलग-अलग शहरों में जाकर भीड़भाड़ वाले इलाकों और रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की जेब काटते थे।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि कभी-कभी एक महीने में जेबकतरी के जरिए 20 लाख रुपये तक जमा हो जाते थे। बाद में गिरोह के सदस्य रकम को आपस में बांट लेते थे।
फ्लाइट से दिल्ली-मुंबई तक जाते थे
जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह के सदस्य जेबकतरी के लिए दिल्ली और मुंबई जैसे शहरों तक जाते थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी इन शहरों के लिए फ्लाइट से आने-जाने तक का इस्तेमाल करते थे।
पुलिस अब गिरोह द्वारा अलग-अलग शहरों में की गई वारदातों और उनके आपराधिक नेटवर्क की भी जानकारी जुटा रही है।
प्लेटफॉर्म टिकट लेकर स्टेशन में घुसते
पुलिस जांच में गिरोह के काम करने का तरीका भी सामने आया है। आरोपी रेलवे स्टेशन में प्रवेश के लिए प्लेटफॉर्म टिकट खरीदते थे, ताकि उनकी गतिविधियां सामान्य नजर आएं और किसी को शक न हो।
इसके बाद आरोपी स्टेशन परिसर या ट्रेनों के जनरल कोच में यात्रियों के बीच बैठ जाते थे। भीड़ का फायदा उठाकर वे यात्रियों की जेब काटते थे।









