झांसी। झांसी में हादसे में माफिया अतीक अहमद के बेटे अबान की मौत के मामले में नई जानकारी सामने आई है। टेक्निकल कमेटी की रिपोर्ट के मुताबिक, हादसे के समय अबान की क्रेटा कार करीब 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी। हालांकि, रिपोर्ट में दुर्घटना की निश्चित वजह सामने नहीं आई है।
ड्राइवर को झपकी आने की आशंका
कमेटी ने हादसे की परिस्थितियों के आधार पर ड्राइवर को झपकी आने की संभावना जताई है। हालांकि, इसे हादसे की अंतिम वजह नहीं माना गया है। जांच रिपोर्ट लखनऊ में पुलिस अधिकारियों को भी भेज दी गई है।
कार की तकनीकी जांच की गई
हादसे के बाद तकनीकी कमेटी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और क्षतिग्रस्त कार की बारीकी से जांच की। टीम ने ब्रेकिंग सिस्टम, स्टेयरिंग, सस्पेंशन, पहियों और व्हील अलाइनमेंट की जांच की।
इसके अलावा कार की बॉडी के क्रश पैटर्न, पैसेंजर कंपार्टमेंट, एयरबैग और सीट बेल्ट सिस्टम को भी जांच के दायरे में रखा गया।
यांत्रिक खराबी की भी हुई जांच
कमेटी ने यह भी पता लगाने की कोशिश की कि हादसे से पहले कार में किसी तरह की तकनीकी या यांत्रिक खराबी तो नहीं थी। जांच के दौरान वाहन के अलग-अलग हिस्सों की स्थिति का परीक्षण किया गया।
डिवाइडर से टकराई थी कार
हादसा 6 अगस्त की सुबह करीब 5 बजे झांसी से लगभग 70 किलोमीटर पहले हाईवे पर हुआ था। अबान की क्रेटा कार डिवाइडर से टकरा गई थी। हादसे में अबान और उसके दोस्त समेत दो लोगों की मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे।









