पलनाडु। आंध्र प्रदेश के पलनाडु जिले में गुरुवार रात करीब 1 बजे भीषण सड़क हादसा हुआ। चिलकलूरिपेट मंडल के अड्डा रोड के पास एक बस ने ऑटो-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 अन्य घायल हुए हैं। घायलों में चार बच्चे भी शामिल हैं।
गलत दिशा में मुड़ा ऑटो
पुलिस के मुताबिक, ऑटो-रिक्शा में 15 यात्री सवार थे। ऑटो सड़क के गलत तरफ मुड़कर बस के रास्ते में आ गया था। उस समय बस करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी।
नरसारावपेट के डीएसपी एम. हनुमंत राव ने बताया कि हादसा कला मंदिर जंक्शन के पास हुआ।
चार की मौके पर मौत, तीन ने अस्पताल में दम तोड़ा
पुलिस के अनुसार, बस विजयवाड़ा से तिरुपति जा रही थी। एक यात्री को लेने के लिए बस चिलकलूरिपेट के पास बाईपास पहुंची थी। यात्री को लेने के बाद बस नरसारावपेट बस स्टैंड की ओर जा रही थी।
इसी दौरान कला मंदिर जंक्शन के पास बस और ऑटो की टक्कर हो गई। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
6 घायलों का अस्पताल में इलाज
हादसे में घायल छह लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें चार बच्चे भी शामिल हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है।









