नई दिल्ली। गणित की दुनिया की सबसे कठिन और चर्चित पहेलियों में शामिल 167 साल पुरानी ‘रीमैन हाइपोथिसिस’ को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से हल करने का दावा किया गया है। अमेरिकी AI कंपनी एंथ्रोपिक के वैज्ञानिक लेवेंट एल्पोगे ने शुक्रवार, 20 नवंबर को बताया कि उन्होंने कंपनी के AI मॉडल क्लॉड (Claude) की मदद से इस गणितीय समस्या का प्रमाण तैयार किया है। इसके समर्थन में उन्होंने 1.7 करोड़ से अधिक लाइनों का कंप्यूटर कोड जारी किया है। हालांकि, गणितीय समुदाय ने अभी इस दावे को अंतिम रूप से स्वीकार नहीं किया है।
क्या है 167 साल पुरानी रीमैन हाइपोथिसिस?
रीमैन हाइपोथिसिस को जर्मन गणितज्ञ बर्नहार्ड रीमैन ने 1859 में प्रस्तुत किया था। यह गणित के अभाज्य संख्या यानी प्राइम नंबर के वितरण से जुड़ी एक महत्वपूर्ण परिकल्पना है। अभाज्य संख्याएं वे संख्याएं होती हैं, जो केवल 1 और स्वयं से विभाजित होती हैं।
इस परिकल्पना के मुताबिक, रीमैन जीटा फंक्शन के सभी गैर-तुच्छ शून्य एक विशेष सीधी रेखा पर स्थित होते हैं। यदि यह साबित हो जाता है, तो अभाज्य संख्याओं के वितरण को समझने में गणितज्ञों को बड़ी मदद मिलेगी।
दुनियाभर के गणितज्ञ 160 साल से अधिक समय से इसका प्रमाण खोजने में जुटे हैं। इसे गणित की सबसे महत्वपूर्ण अनसुलझी समस्याओं में गिना जाता है।
1.7 करोड़ लाइनों का कोड किया जारी
लेवेंट एल्पोगे के मुताबिक, उन्होंने क्लॉड AI के साथ मिलकर इस परिकल्पना का प्रमाण तैयार किया है। उन्होंने पारंपरिक रिसर्च पेपर के बजाय Lean प्रोग्रामिंग भाषा में तैयार किया गया औपचारिक गणितीय प्रमाण जारी किया है। इसकी लंबाई 1.7 करोड़ से अधिक लाइनों की बताई गई है।
Lean एक ऐसी प्रोग्रामिंग भाषा है, जिसका इस्तेमाल गणितीय प्रमाणों को औपचारिक रूप देने और कंप्यूटर के जरिए उनकी तार्किक जांच करने के लिए किया जाता है।









