धार। मध्य प्रदेश के धार जिले में आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे पर लगा करीब 25 किलोमीटर लंबा जाम गुरुवार तड़के लगभग 3 बजे जाकर खुल सका। करीब 11 घंटे तक चले इस भीषण जाम के कारण सैकड़ों वाहन हाईवे पर फंसे रहे। बसों, ट्रकों और निजी वाहनों में यात्रा कर रहे बच्चे, बुजुर्ग और महिलाओं को उमस, भूख और प्यास के बीच भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, भेरू घाट से मानपुर ब्रिज तक सड़क निर्माण कंपनी द्वारा घाट सेक्शन में पेविंग (सड़क निर्माण) कार्य किया जा रहा था। निर्माण कार्य के चलते यातायात बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। देखते ही देखते हाईवे पर लगभग 25 किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरी रात यातायात व्यवस्था संभालते रहे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजकृष्ण, एसडीओपी ललित तथा मानपुर थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ देर रात तक मौके पर मौजूद रहे। पुलिस ने व्यवस्थित तरीके से एक-एक वाहन को निकलवाया, जिसके बाद तड़के करीब 3 बजे यातायात पूरी तरह सामान्य हो सका।
जाम के दौरान सबसे अधिक परेशानी लंबी दूरी की बसों में सफर कर रहे यात्रियों को हुई। कई घंटों तक बसें एक ही स्थान पर खड़ी रहीं, जिससे यात्रियों के पास मौजूद खाने-पीने का सामान भी समाप्त हो गया। वहीं निजी वाहनों में सफर कर रहे लोग भी भीषण गर्मी और उमस के कारण परेशान रहे। हाईवे पर दूर-दूर तक वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
यातायात बहाल होने के बाद प्रशासन ने लोगों से सड़क निर्माण वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने और ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की है। वहीं सड़क निर्माण कार्य के दौरान यातायात प्रबंधन को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।









