अंबेडकरनगर। उत्तर प्रदेश की सियासत में PDA को लेकर बयानबाजी के बीच मंत्री ओपी राजभर ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने राहुल गांधी और अखिलेश यादव के रिश्ते को लेकर भी बड़ा दावा किया। राजभर ने कहा कि दोनों की दोस्ती टूटने वाली है और राहुल गांधी सपा से किनारा कस रहे हैं।
राजभर ने इसकी वजह बताते हुए कहा कि राहुल गांधी को पता चल गया है कि सपा सत्ता में नहीं आ रही है।
‘PDA की परिभाषा रोज बदल रहे अखिलेश’
ओपी राजभर ने PDA की बदलती परिभाषा पर अखिलेश यादव को घेरा। उन्होंने कहा कि अखिलेश अपना मानसिक संतुलन खो बैठे हैं, इसलिए रोज PDA की नई परिभाषा सामने ला रहे हैं।
अखिलेश के पुराने शासन पर भी निशाना
राजभर ने अखिलेश यादव के सरकार में रहने के दौरान की राजनीति को लेकर भी आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि उस समय कार्यकर्ताओं को चोरी, छिनैती और डकैती का कल्चर सिखाया गया। राजभर ने सवाल उठाया कि अब दूसरों को नसीहत क्यों दी जा रही है।
11 हजार के लिफाफे पर 11 रुपये का आरोप
रक्षाबंधन पर मुस्लिम महिलाओं को 11 हजार रुपये देने के दावे को लेकर भी ओपी राजभर ने हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि 11 हजार रुपये देने की बात कही गई, लेकिन 11 रुपये थमा दिए गए। राजभर ने इस मामले में भी घोटाले का आरोप लगाया।
‘सामंतवादी नहीं, खुद अपने PDA से घबरा रहे अखिलेश’
सपा के इस दावे पर कि PDA से सामंतवादी घबरा रहे हैं, राजभर ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि सामंतवादी नहीं, बल्कि अखिलेश यादव खुद अपने PDA से घबरा रहे हैं।









