अंबेडकरनगर। अग्निकांड जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए सोमवार को जलालपुर कोतवाली परिसर में पुलिसकर्मियों को अग्निशमन और बचाव का प्रशिक्षण दिया गया। फायर स्टेशन जलालपुर की टीम ने आग लगने की स्थिति में तत्काल उठाए जाने वाले कदमों की जानकारी दी। साथ ही अग्निशमन उपकरणों के सुरक्षित इस्तेमाल का व्यावहारिक प्रशिक्षण कराया।
आग के प्रकार और बचाव के तरीके बताए
प्रशिक्षण का नेतृत्व फायर स्टेशन जलालपुर प्रभारी रामाश्रय यादव ने किया। इसमें कोतवाली के उप निरीक्षक, हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल शामिल हुए।
फायर स्टेशन की टीम ने पुलिसकर्मियों को आग के विभिन्न प्रकार और आग लगने के संभावित कारणों के बारे में बताया। शुरुआती स्तर पर आग पर काबू पाने के तरीकों की जानकारी भी दी गई।
अग्निशमन यंत्र चलाने का कराया अभ्यास
प्रशिक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों को अग्निशमन यंत्रों के संचालन की प्रक्रिया समझाई गई। आपात स्थिति में इन उपकरणों का सुरक्षित और प्रभावी इस्तेमाल कैसे किया जाए, इसका अभ्यास भी कराया गया।
फायर स्टेशन प्रभारी रामाश्रय यादव ने बताया कि आपात स्थिति में शुरुआती कुछ मिनट महत्वपूर्ण होते हैं। पुलिसकर्मियों को आग बुझाने के उपकरण चलाने के साथ लोगों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने और बचाव कार्य को व्यवस्थित तरीके से संचालित करने की जानकारी होना जरूरी है।
बचाव कार्य में बेहतर समन्वय पर जोर
प्रशिक्षण में आग लगने की स्थिति में पुलिस और अग्निशमन टीम के बीच समन्वय के महत्व पर भी जानकारी दी गई। पुलिसकर्मियों को राहत और बचाव के दौरान स्वयं की सुरक्षा का ध्यान रखने के साथ आम नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के लिए जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में सहयोगी विवेक यादव, कांस्टेबल अरुण कुमार और होमगार्ड रामशंकर दूबे ने भी सहयोग किया।









