नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की जीडीपी ग्रोथ रेट 7.8 प्रतिशत रहने पर देशवासियों को बधाई दी। मंगलवार को सोशल मीडिया पर जारी वीडियो संदेश में उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि देशवासियों की इच्छाशक्ति, मेहनत और सामूहिक ताकत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भारत को विकास की यही रफ्तार आगे भी बनाए रखनी होगी।
गैर-जरूरी सोना खरीदने से बचने की अपील
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर लोगों से गैर-जरूरी सोने की खरीदारी से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर सोने की जरूरत नहीं है तो उसे नहीं खरीदना चाहिए। इससे पहले 11 मई को भी प्रधानमंत्री ने लोगों से सोना नहीं खरीदने की अपील की थी।
पीएम मोदी ने लोगों से देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए स्वदेशी और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की बात कही।
‘झूठ की गूंज’ से माहौल खराब करने का आरोप
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में कुछ लोग निराशा फैलाने और ‘झूठ की गूंज’ के सहारे माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन चुनौतियों के बावजूद भारत ने 7.8 प्रतिशत की विकास दर हासिल की है।
उन्होंने कहा कि देश को इसी गति को बनाए रखते हुए विकास की दिशा में और तेजी से आगे बढ़ना होगा।









