नरसिंहपुर में पूर्व विधायक संजय शर्मा के ठिकानों पर ED की छापेमारी

कारोबारी रिकॉर्ड खंगाल रही टीम

नरसिंहपुर। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले की तेंदूखेड़ा विधानसभा सीट से पूर्व विधायक और कारोबारी संजय शर्मा से जुड़े ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार सुबह छापेमारी शुरू की। दिल्ली से पहुंची ईडी की टीम ने तेंदूखेड़ा क्षेत्र में राजमार्ग स्थित संजय शर्मा के कारोबारी कार्यालय में जांच शुरू की है। उनके करीबी बताए जा रहे रामलाल झरिया के तेंदूखेड़ा वार्ड नंबर-9 स्थित आवास पर भी ईडी की टीम के पहुंचने की जानकारी सामने आई है।

सुबह करीब आधा दर्जन वाहनों से पहुंची ED टीम

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ईडी की टीम बुधवार तड़के करीब आधा दर्जन वाहनों से तेंदूखेड़ा पहुंची। टीम ने राजमार्ग स्थित संजय शर्मा के कार्यालय में दस्तावेजों और अन्य कारोबारी रिकॉर्ड की जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान दोनों स्थानों पर सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।

संजय शर्मा से जुड़े कारोबारी मामले की जांच

ईडी की कार्रवाई किस मामले के सिलसिले में की जा रही है, इसे लेकर फिलहाल आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। बताया जा रहा है कि जांच संजय शर्मा से जुड़े किसी कारोबारी मामले के संबंध में की जा रही है।

NHAI टोल मामले से जुड़ी कार्रवाई की चर्चा

सूत्रों के मुताबिक, ईडी की यह कार्रवाई राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के टोल से जुड़े किसी मामले को लेकर की जा रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। जांच का वास्तविक कारण और कार्रवाई का दायरा ईडी की ओर से जानकारी दिए जाने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

दो ठिकानों पर एक साथ जांच

ईडी की टीम एक ओर संजय शर्मा के कारोबारी कार्यालय में दस्तावेजों और रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही है, वहीं दूसरी ओर रामलाल झरिया के आवास पर भी जांच की जा रही है। कार्रवाई के दौरान स्थानीय पुलिस बल तैनात है और पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button