नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने सोमवार को संसद भवन के बाहर राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को सदन के अंदर इस मामले पर स्पष्टीकरण देना चाहिए। डिंपल यादव ने यूपी सरकार से भी सवाल किया कि अगर दो साल से चोरी हो रही थी तो यह मामला उसकी नजर में कैसे नहीं आया।
उन्होंने कहा कि सरकार को मामले में पूरी सच्चाई सामने लानी चाहिए और जांच के जरिए ‘दूध का दूध और पानी का पानी’ करना चाहिए।
अखिलेश ने विपक्षी सांसदों के साथ किया प्रदर्शन
इससे पहले सपा मुखिया अखिलेश यादव ने सुबह करीब 11 बजे संसद परिसर में विपक्षी सांसदों के साथ प्रदर्शन किया। उन्होंने जंतर-मंतर पर छात्रों के विरोध-प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बयान देने की मांग की।
अखिलेश यादव ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में भी सरकार से जवाब मांगा।
अमित शाह की गैरमौजूदगी पर पोस्टर
प्रदर्शन में प्रियंका गांधी समेत अन्य विपक्षी सांसद भी शामिल हुए। सांसदों ने अमित शाह की तस्वीर वाले पोस्टर लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान अमित शाह की संसद से गैरमौजूदगी को लेकर एक कैलेंडर भी लहराया गया, जिसमें सदन चलने की तारीखों के सामने ‘गैरहाजिर’ लिखा था।
सपा सांसदों ने लगाए नारे
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर सपा सांसदों ने संसद परिसर में पोस्टर लहराए और ‘चंदा चोर, गद्दी छोड़’ के नारे लगाए।
अखिलेश यादव ने महिला आरक्षण, परिसीमन और FCRA विधेयक समेत कई मुद्दों पर सरकार को घेरा। उन्होंने छात्र आंदोलन के दौरान पुलिस कार्रवाई का भी जिक्र किया और कहा कि छात्रों पर लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल हुआ तथा कुछ छात्र अस्पताल में भर्ती हुए।
अखिलेश ने दावा किया कि इलाहाबाद में छात्रों के खिलाफ अभी भी मुकदमे दर्ज हैं, जबकि सरकार ने मुकदमे नहीं होने की बात कही थी। उन्होंने सरकार पर संस्थाओं पर कब्जा करने का आरोप भी लगाया।









