अंबेडकरनगर। आगामी त्योहारों के मद्देनजर जिले की कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पुलिस विभाग में व्यापक फेरबदल किया गया है। पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने मंगलवार रात नौ उपनिरीक्षकों समेत 17 पुलिसकर्मियों के कार्यक्षेत्र बदल दिए। सभी को तत्काल नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
बिड़हर चौकी की कमान नागेंद्र प्रताप को
उपनिरीक्षक नागेंद्र प्रताप सिंह को कोतवाली अकबरपुर से जहांगीरगंज की बिड़हर चौकी का प्रभारी बनाया गया है। बिड़हर चौकी प्रभारी रहे चंद्रकांत सिंह को कोतवाली अकबरपुर भेजा गया है।
रामबचन यादव को पुलिस लाइन से जहांगीरगंज, रमेश यादव को बेवाना और बृजलाल को कोतवाली आलापुर भेजा गया है। शिवजीत बहादुर सिंह को पुलिस लाइन से कोतवाली अकबरपुर और अमलेश यादव को कोतवाली आलापुर में तैनाती दी गई है।
रामखेलाड़ी हरिजन को कोतवाली आलापुर से जैतपुर और कृष्णा यादव को जहांगीरगंज से सम्मनपुर भेजा गया है।
महिला मुख्य आरक्षी समेत आठ आरक्षियों का तबादला
महिला मुख्य आरक्षी सरोज यादव को कटका से कोतवाली अकबरपुर भेजा गया है। पुलिस लाइन से सत्येंद्र प्रसाद को जैतपुर, शिवाजी यादव को राजेसुल्तानपुर और कृष्ण पाल को कोतवाली टांडा में तैनाती दी गई है।
कपिल रावत और मो. शाहरूख को सम्मनपुर भेजा गया है। अजय चौधरी को इब्राहिमपुर से कोतवाली अकबरपुर और मुलायम यादव को पुलिस लाइन से कटका भेजा गया है।
त्योहारों में सुरक्षा व्यवस्था रहेगी प्राथमिकता
पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने कहा, “आगामी त्योहारों को देखते हुए पुलिस की तैनाती और जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। नई तैनाती का उद्देश्य कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखना और आम लोगों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। सभी पुलिसकर्मियों को अपनी नई जिम्मेदारी तत्काल संभालने के निर्देश दिए गए हैं।”









