666 करोड़ का फोरलेन जोड़ेगा अंबेडकरनगर का उत्तर-दक्षिण

29.7 किमी का नार्थ-साउथ कॉरिडोर तीन बड़े मार्गों को करेगा लिंक, बरियावन में ओवरब्रिज तो तमसा पर बनेगा नया पुल

अंबेडकरनगर। जिले की सड़क कनेक्टिविटी को नया आकार देने वाली नार्थ-साउथ कॉरिडोर परियोजना अब नए एस्टीमेट के साथ शासन की चौखट पर पहुंच गई है। करीब 29.700 किलोमीटर लंबे फोरलेन कॉरिडोर के निर्माण के लिए 665 करोड़ 65 लाख 22 हजार रुपये का प्रस्ताव तैयार किया गया है। खास बात यह है कि सड़क की चौड़ाई में बदलाव के बाद परियोजना की लागत पहले के अनुमान से करीब 105 करोड़ रुपये कम हो गई है। पहले करीब 771 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान था।
यह कॉरिडोर जिले के तीन महत्वपूर्ण मार्गों को आपस में जोड़ेगा। इसमें एनएच-233 टांडा-लुंबिनी, राज्य मार्ग-30 अयोध्या-बसखारी और एनएच-135ए अकबरपुर-शाहगंज शामिल हैं। प्रस्तावित मार्ग जिले के उत्तर और दक्षिण हिस्सों के बीच आवागमन को नया विकल्प देगा।
बरियावन में बाजार के ऊपर बनेगा फोरलेन ओवरब्रिज
कॉरिडोर में बरियावन बाजार का हिस्सा सबसे महत्वपूर्ण संरचनाओं में शामिल है। यहां फोरलेन ओवरब्रिज बनाया जाएगा। इसके लिए सेतु निगम ने 137 करोड़ 71 लाख रुपये का प्रस्ताव रखा है।
वहीं सुल्तानगढ़ में तमसा नदी पर नया टू-लेन पुल बनेगा। नदी पर पहले से एक पुल है, लेकिन फोरलेन सड़क के लिए अतिरिक्त चौड़ाई की जरूरत को देखते हुए नए पुल का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इस पर 16 करोड़ 80 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button